ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। Honda ने भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी को फिर से मजबूत करने के लिए एक बड़ा प्लान तैयार किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि वह साल 2030 तक भारत में 10 नई कारें लॉन्च करेगी, जिनमें से 7 SUV होंगी। यह कदम SUV सेगमेंट में बढ़ती मांग और प्रतिस्पर्धा को देखते हुए उठाया गया है।
फिलहाल Honda की स्थिति
इस समय Honda के पास भारत में सिर्फ तीन मुख्य मॉडल हैं—City, Amaze और हाल ही में लॉन्च हुई Elevate SUV। हालांकि, SUV सेगमेंट में Hyundai Creta और Kia Seltos जैसे मॉडल्स के मुकाबले Elevate को उतनी पकड़ नहीं मिल पाई है। ऐसे में कंपनी को अपने पोर्टफोलियो को विस्तार देने की जरूरत महसूस हो रही थी।
2030 तक का रोडमैप
Honda के CEO तोशिहिरो मिबे ने जापान मोबिलिटी शो में बताया कि कंपनी भारत में SUV सेगमेंट को प्राथमिकता दे रही है। 2030 तक 10 नए मॉडल लाने की योजना है, जिनमें से 7 SUV होंगी। इनमें कुछ गाड़ियां ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर आधारित होंगी, जबकि कुछ खासतौर पर भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन की जाएंगी।
2026 में आएगी 0 Series SUV
Honda की पहली बड़ी पेशकश 2026 में आने वाली 0 Series SUV होगी। यह गाड़ी भारत में ही बनाई जाएगी और यहीं से जापान और अन्य एशियाई देशों में एक्सपोर्ट भी की जाएगी। यह SUV नई आर्किटेक्चर और सॉफ्टवेयर-रेडी डिज़ाइन पर आधारित होगी।
SUV सेगमेंट में बढ़ती मांग
भारतीय बाजार में SUV की डिमांड लगातार बढ़ रही है। Honda का यह कदम न सिर्फ उसकी मौजूदा स्थिति को सुधारने में मदद करेगा, बल्कि Maruti, Hyundai और Tata जैसी कंपनियों को सीधी चुनौती भी देगा।

